ट्रक को ओवरटेक करना पड़ा भारी, टेंपो ट्रैवल्स की टक्कर से दो युवकों की मौत

हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर पदार्था के पास भीषण हादसा, बाइक सवार दोनों युवकों ने अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पदार्था गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवल्स से बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे धनपुरा और मुस्तफाबाद पदार्था के बीच पेट्रोल पंप के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक नसीरपुर कलां (झबीरण) निवासी अनुज (25) पुत्र पप्पू और आशीष (20) पुत्र ऋषि एक ही बाइक से फेरुपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवल्स से जा भिड़ी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फेरुपुर चौकी प्रभारी मोहन कठैत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों युवक दिहाड़ी मजदूरी करते थे। हादसे की खबर घर पहुंचते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।