शिक्षक दिवस पर केवीएम पब्लिक स्कूल में शिक्षकों का सम्मान, बोले—तकनीक कितनी भी बढ़े, गुरु का महत्व नहीं होगा कम
हरिद्वार। के. वी. एम. पब्लिक स्कूल, बादशाहपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से सभी शिक्षकों को उपहार एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया।
शिक्षिका साक्षी ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। शिक्षक राजेंद्र कुमार ने स्वरचित गीत प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का कार्य करते हैं और उनके चरित्र को आकार देकर उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सदैव आदर एवं सम्मान करने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रबंधक दीपक सैनी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में अनुशासन, संवेदनशीलता, आत्मविश्वास और संस्कार विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक कितनी भी आगे बढ़ जाए, लेकिन शिक्षक का महत्व कभी कम नहीं हो सकता। प्रत्येक व्यक्ति की सफलता के पीछे किसी न किसी शिक्षक का मार्गदर्शन जरूर होता है। शिक्षक ही विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की राह दिखाते हैं।इस दौरान विद्यालय प्रबंध समिति ने शिक्षकों को उपहार और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सरोज गुप्ता ने किया। इस अवसर पर रीना, सुधा, वंदना, लवीशना, रूपा, डिम्पल, नैना सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।