नसीरपुर कलां में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, अनुपमा रावत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
विधायक बोलीं—अंकिता हत्याकांड में आज तक नहीं खुला वीआईपी का नाम, एसआईआर को लेकर भी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

हरिद्वार। नसीरपुर कलां में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में रविवार को सियासी तेवर उस समय और तल्ख हो गए, जब मुख्य अतिथि हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में पहुंचीं विधायक का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी करते हुए पार्टी की मजबूती का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुपमा रावत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड में जिस वीआईपी का नाम सामने आने की बात कही जाती रही है, उसका नाम भाजपा सरकार आज तक सार्वजनिक नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि यह मामला लंबे समय से प्रदेश की जनता के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और सरकार को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
विधायक ने एसआईआर को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से मुस्लिम समाज के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने का काम किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की इस कार्रवाई को लेकर आम लोगों में नाराजगी है और अब जनता सब कुछ समझ चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई लड़ती रही है। आने वाले समय में पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करेंगे और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को भी रखा। कार्यक्रम में प्रधान पति साजिद अली, पूर्व प्रधान मोहम्मद हारून, मुशर्रफ अंसारी, मोहब्बत अली, जाफिर अली, हाजी शहजाद, शाहिद अली, जब्बार अली, नौशाद अली, गफ्फार अंसारी, यामीन कसाना, नूर अली, ताहिर प्रधान, मास्टर योगेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को कांग्रेस के लिए स्थानीय स्तर पर एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा गया। विधायक के तीखे तेवर और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने क्षेत्र की सियासत को गरमा दिया।