सेवा संकल्प ने धारीवाला में बिखेरी खुशियां, गोदभराई से अन्नप्राशन तक दिखा उत्सव का रंग

विनोद धीमान
लक्सर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम धारीवाला के आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। केंद्र में एक साथ गोदभराई, अन्नप्राशन और महालक्ष्मी किट वितरण का संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के पूर्व जिला मंत्री नेत्रपाल सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके साथ महिला मोर्चा मंडल महामंत्री बिनी पवार, मंडल उपाध्यक्ष प्रीति, आरती चौहान और पंकज चौहान मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण रहा जब गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके बाद लाभार्थी महिलाओं को सरकार की ओर से महालक्ष्मी किट बांटी गईं।
अपने संबोधन में पूर्व जिला मंत्री नेत्रपाल सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं व बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि भाजपा सरकार हर गर्भवती महिला और नवजात के स्वास्थ्य को लेकर संकल्पबद्ध है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री मीनू ने सभी को पोषण के महत्व और बाल विवाह मुक्त गांव बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ गांव की नींव है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री मीनू चौहान, सीमा, अनुपमा, रेखा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।