टेंपो चालक व बदमाश के बीच मुठभेड़, पुलिस पर टेंपो चढ़ाने की कोशिश, गन्ने के खेत में घुसकर फायरिंग; जवाबी गोलीबारी में बदमाश घायल

विनोद धीमान
लक्सर। रविवार तड़के खानपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और संदिग्ध टेंपो सवार के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर टेंपो चढ़ाने की कोशिश की और तेजी से फरार हो गया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास टेंपो छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया। वहां से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस ने टेंपो को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की और खानपुर की ओर भाग निकला। चौकी प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना खानपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोविंद कुमार पुलिस बल के साथ आरोपी की तलाश में रवाना हुए। धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास पुलिस को संदिग्ध टेंपो लावारिस हालत में खड़ा मिला। चालक टेंपो छोड़कर पास के गन्ने के खेत में जा छिपा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खेत के भीतर से पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र खलील निवासी टोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी लक्सर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया। आला अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं। मामले की जानकारी की जा रही है।
थाना प्रभारी गोविंद कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चेकिंग के दौरान संदिग्ध टेंपो चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के बाद मामले की जानकारी दी जाएगी।