नशीली कोल्डड्रिंक से बेहोश कर 120 किलो पीतल साफगोदाम में पहले की रेकी, फिर दिया वारदात को अंजाम; चोरी के माल से खरीदी अपाचे समेत तीन गिरफ्तार

विनोद धीमान
लक्सर। चरखी गोदाम में बुजुर्ग और मिस्त्री को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश करने के बाद करीब 120 किलो पीतल चोरी करने वाले गिरोह का लक्सर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचते हुए उनके कब्जे से 25 किलो पीतलनुमा धातु व पाइप, 1500 रुपये नकद और चोरी के माल से खरीदी गई सफेद रंग की टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस क्षेत्राधिकार देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विनित (19) निवासी तेड़ा, बागपत, टिंकू उर्फ कृष्ण (28) निवासी बगरा, मुजफ्फरनगर और रविंद्र (26) निवासी शिवनगर, पानीपत के रूप में हुई है। 25 अगस्त को आरोपियों ने पहले चरखी गोदाम की रेकी की। वारदात के दिन दो आरोपी बाहर निगरानी करते रहे, जबकि अन्य गोदाम में पहुंचे। वहां मिस्त्री से अशोक कुमार के बारे में जानकारी ली। अशोक के पहुंचते ही उसे भी नशीली दवा मिली कोल्डड्रिंक पिला दी गई।
दोनों के बेहोश होते ही आरोपियों ने आलमारी की चाबी निकाली और करीब 120 किलो पीतल व पाइप तीन कट्टों में भर लिए। इसके बाद गोदाम में खड़ी स्पेलेंडर बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए।
चोरी के पीतल से खरीदी अपाचे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए पीतल का एक हिस्सा करीब 25 हजार रुपये में बेच दिया था। इसी रकम से अपाचे बाइक खरीदी गई और करीब 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट में दिए गए। बरामद 1500 रुपये भी चोरी के माल की बिक्री से बची रकम बताई गई है।
आरोपियों ने करीब 25 किलो पीतल सीमेंट फैक्टरी के पास गन्ने के खेत में छिपा रखा था। पुलिस के अनुसार, इसी माल को बेचने जाते समय 24 सितंबर को पीपली पुल के पास सुल्तानपुर रोड से तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गोदाम से चोरी की गई स्पेलेंडर बाइक (UP 20 CE 0926) आरोपी रवि के पास है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। मामले के खुलासे में लक्सर पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम की अहम भूमिका रही।