हत्या के प्रयास में फरार चल रहा आरोपी दबोचा, ठिकाने बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा

विनोद धीमान
लक्सर। धारदार हथियारों से हमला कर हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी को खानपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे गिद्दावाली कला से दबोचकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दो अगस्त को ग्राम गिद्दावाली निवासी पूजा पत्नी सोनू ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दीपक समेत अन्य आरोपियों ने उसके पति और परिजनों पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों से हमला किया। आरोपियों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। मामले में खानपुर थाने में मु0अ0सं0 219/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 109(1), 115(2), 117(2), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के साथ ही फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
थाना प्रभारी गोविंद कुमार के मुताबिक आरोपी दीपक लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। आखिरकार 28 अगस्त की देर शाम पुलिस टीम ने उसे ग्राम गिद्दावाली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दीपक पुत्र सोमपाल, निवासी गिद्दावाली कला, थाना खानपुर, उम्र 21 वर्ष है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस इस कार्यवाही में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया और चालक जयपाल सिंह का विशेष योगदान रहा है।