बाकरपुर की सड़कों पर गंदे पानी का कब्जा, बेहाल ग्रामीणस्कूली बच्चों का रोज जलभराव से सामना, बीमारी और हादसों का बढ़ा खतरा

लक्सर। बाकरपुर गांव की मुख्य सड़कों पर जमा गंदा पानी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। जल निकासी की व्यवस्था ठप होने से जगह-जगह जलभराव है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को रोज गंदे पानी से होकर स्कूल आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से यह समस्या लगातार बढ़ रही है। सड़क पर जमा गंदे पानी से मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों के जूते-कपड़े और स्कूल बैग तक गंदे पानी में खराब हो रहे हैं।
संदीप कुमार, मुकेश कुमार, जोगेंद्र गुप्ता, वाजिद अली, फरमान अली, असलम अहमद, सफीका, मुनीश अहमद, राजकुमार आदि ने बताया कि जलभराव के कारण सड़क पर वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। कई बार वाहन पानी में असंतुलित होकर गिर चुके हैं, जिससे लोगों के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग समस्या के स्थायी समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और अधिकारियों से तत्काल नालों की सफाई कराने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
लक्सर खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट ने बताया कि संबंधित गांव के सचिव से बात कर जल्द ही पानी की निकासी का समाधान कराया जायेगा।