आजाद समाज पार्टी के इकराम हसन को जान से मारने की धमकी,डाक से मिला धमकी भरा पत्र, मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
लक्सर। चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी के बीच आजाद समाज पार्टी के लक्सर विधानसभा प्रभारी इकराम हसन को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इकराम हसन ने आरोप लगाया है कि डाक से भेजे गए एक पत्र में उन्हें और उनके बच्चों को चुनाव लड़ने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने कोतवाली लक्सर में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर धमकी भरे पत्र की जांच शुरू कर दी है।इकराम हसन के मुताबिक, वह पिछले करीब 15 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में लक्सर विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसी बीच उन्हें डाक के जरिए एक धमकी भरा पत्र मिला। तहरीर में पत्र का ट्रैकिंग नंबर EV816907316IN दर्ज कराया गया है।चुनाव लड़ने पर परिवार को निशाना बनाने की धमकीशिकायत के अनुसार, पत्र में कथित तौर पर चेतावनी दी गई है कि यदि इकराम हसन ने चुनाव लड़ा तो उन्हें और उनके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा। इतना ही नहीं, उनके भाइयों और उनके बच्चों को भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। धमकी भरे पत्र से उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो गई है।इकराम हसन ने पुलिस से पत्र भेजने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमकी भरे पत्र से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।