गांधी और शास्त्री जी की जयंती पर धारीवाला प्रथम में स्वच्छता का शंखनाद, डेंगू के खिलाफ उतरे ग्रामीण

विनोद धीमान
लक्सर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर ग्राम धारीवाला प्रथम में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश गूंजा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीनू चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों और बच्चों ने स्वच्छता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। वहीं, डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए गांव में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया गया।गुरुवार को दो अक्टूबर के अवसर पर गांव में स्वच्छ भारत अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रैली में शामिल युवाओं और बच्चों ने हाथों में तिरंगा, झाड़ू और स्वच्छता के संदेश लिखी तख्तियां लेकर गलियों में भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने की अपील की गई। अभियान के तहत गलियों में श्रमदान कर सफाई भी की गई।आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीनू चौहान ने ग्रामीणों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमलों और अन्य बर्तनों में ठहरे पानी को नियमित रूप से साफ करें, ताकि मच्छरों को पनपने का मौका न मिले। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए लोगों से अभियान में निरंतर सहयोग करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। गांधी जयंती पर चलाए गए इस अभियान ने गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया।