स्वच्छता का संदेश लेकर गांव की गलियों में निकले नौनिहालचित्रकला और निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक

विनोद धीमान
लक्सर। नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर क्षेत्र में शनिवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत डॉ. अंबेडकर सरस्वती जूनियर हाईस्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता संदेश लेकर गांव की गलियों में निकले और ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपने चित्रों और निबंधों में स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ गांव और स्वच्छ पर्यावरण की तस्वीर उकेरी। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें अपने घर और आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों और नगर पंचायत के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण करने, नियमित साफ-सफाई रखने और स्वच्छ भारत मिशन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
रैली में गूंजा स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए घर और आसपास कूड़ा न फैलाने, प्लास्टिक कचरे का सही तरीके से निस्तारण करने तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया। बच्चों की रैली ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।