चाकू लेकर बड़ी वारदात की फिराक में था अकरम उर्फ भोला, पुलिस ने दबोचाचोरी से लेकर नशा तस्करी तक के मामलों में आ चुका है नाम, आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
लक्सर। चोरी, अवैध हथियार और नशा तस्करी के मामलों में नाम सामने आने के बाद अब अकरम उर्फ भोला अवैध चाकू के साथ पकड़ा गया है। लक्सर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सुल्तानपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चाकू लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोष्यारी ने बताया कि पुलिस ने नौ अक्तूबर को अकरम उर्फ भोला पुत्र अहसान, निवासी सुल्तानपुर, लक्सर को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
चार मुकदमों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में घर में घुसकर चोरी और चोरी का सामान रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2022 में भी चोरी और अवैध चाकू रखने के मामले में कार्रवाई हुई। इसके अलावा वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 1046/26, धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
चौकी प्रभारी के नेतृत्व में दबिश
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में सुल्तानपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल जितेंद्र नेगी और कांस्टेबल नरेश नेगी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।