40 से ज्यादा साल से चल रहे ‘ट्रैवल कारोबार’ पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 20 एजेंसियों पर चला कानून का डंडाहरिद्वार। हरिद्वार में बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहे टूर एवं ट्रैवल कारोबार पर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को एक साथ 20 ट्रैवल ऑपरेटरों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। शिवमूर्ति गली में चले विशेष अभियान से पूरे ट्रैवल कारोबार में हड़कंप मच गया।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में टीम ने शिवमूर्ति गली स्थित ट्रैवल एजेंसियों और बुकिंग कार्यालयों का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई संचालक बिना वैध लाइसेंस के यात्रियों की बुकिंग और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का संचालन करते मिले। इसे मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और वर्ष 2023 की संबंधित विनियमावली का उल्लंघन माना गया।निरीक्षण के बाद 20 टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों के खिलाफ नियमानुसार चालान किए गए। विभाग ने सभी संचालकों को चेतावनी दी कि वैध लाइसेंस के बिना सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रवर्तन अधिकारी नेहा झा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शी परिवहन व्यवस्था और नियमों के प्रभावी पालन के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने सभी ट्रैवल संचालकों से वैध लाइसेंस प्राप्त कर ही कारोबार करने की अपील की।परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित टूर एवं ट्रैवल एजेंसियों के खिलाफ भविष्य में भी सघन अभियान चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विनोद धीमान