एसएसपी के कड़े तेवर लाए रंग: गैंगरेप के 6 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य दरिंदा ‘मंत्री’ निकला
हरिद्वार। सुल्तानपुर की नाबालिग से जंगल में गैंगरेप के सनसनीखेज मामले का पथरी पुलिस ने 5 दिन में खुलासा कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह के कड़े निर्देशों के बाद हरकत में आई पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर फरार चल रहे छह आरोपियों को फुलगढ़ के जंगल से दबोच लिया। मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने वारदात कबूली है।

क्या है पूरा मामला
12 जुलाई की रात सुल्तानपुर लक्सर से तीन युवक एक नाबालिग लड़की को बाइक से फुलगढ़ के जंगल के पास छोड़कर चले गए। वहां पहले से शराब पी रहे तीन युवकों ने लड़की और उसके दोस्त को देख लिया। उन्होंने फोन कर तीन साथियों को और बुला लिया। इसके बाद चार आरोपियों ने लड़के को पकड़कर पीटा, जबकि दो आरोपी लड़की को जंगल में अंदर ले गए। वहां मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
13 जुलाई को पीड़िता के पिता ने पथरी थाने में तहरीर दी। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार को तत्काल खुलासे के निर्देश दिए।
ऐसे धरे गए दरिंदे
पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाए। तीन टीमें गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी गई। 17 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर फुलगढ़ के जंगल से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सभी ने जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- मोहित कुमार, 25 वर्ष
- सुमित, 25 वर्ष
- आशु, 22 वर्ष
- शुभम, 22 वर्ष
- महेश उर्फ मंत्री, 29 वर्ष – मुख्य आरोपी
- आकाश, 23 वर्ष
सभी निवासी ग्राम फुलगढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
इन धाराओं में केस
आरोपियों पर मु.अ.स. 337/2026, धारा 115(2)/137(2)/70(2)/78(2)/65(1) BNS व 3(क)/4(2)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, व.उ.नि. उपेंद्र सिंह, उ.नि. विपिन कुमार, सीआईयू रुड़की समेत 11 पुलिसकर्मियों की टीम ने आरोपियों को पकड़ा। सभी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसएसपी बोले: महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि नाबालिग से जुड़े अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति है। आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।