ई-रिक्शा चालकों पर एआरटीओ का बड़ा प्रहार, 35 रिक्शा सीज; 20 के चालान से मचा हड़कंप

विनोद धीमान
लक्सर। ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए एआरटीओ प्रवर्तन की टीम ने सोमवार को चेकिंग अभियान चलाकर बड़ा शिकंजा कसा। अभियान के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 35 ई-रिक्शा सीज कर दिए गए, जबकि 20 अन्य के चालान काटे गए। विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया।
एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलाड़िया के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर ई-रिक्शाओं की सघन चेकिंग की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस, यात्री कर और ओवरलोडिंग की जांच की गई। जांच में अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए 35 ई-रिक्शा सीज कर दिए, जबकि 20 वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलाड़िया ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ई-रिक्शाओं के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में ओवरलोडिंग, यात्री कर, फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और जरूरी दस्तावेजों के बिना वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विभाग की इस कार्रवाई ने नियमों को ताक पर रखकर ई-रिक्शा दौड़ाने वाले संचालकों को कड़ा संदेश दिया है। एआरटीओ की सख्ती से वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि सड़क पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।