युवक से लूट के मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार👉मास्टरमाइंड महिला को पहले ही भेजा जा चुका है जेल
लक्सर। भैंस खरीदने के लिए एक लाख रुपये लेकर जा रहे युवक से हुई लूट के मामले में लक्सर पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात की साजिश रचने वाली मास्टरमाइंड महिला को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंदी निवासी इमरान से 14 जुलाई को मारपीट कर एक लाख रुपये लूट लिए गए थे। जांच में सामने आया कि पीड़ित को भैंस खरीदने भेजने वाली परिचित महिला ने ही आरोपियों को नकदी की सूचना देकर पूरी वारदात की साजिश रची थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु उर्फ काका पुत्र अवदेश उर्फ बाबूराम निवासी अकौढ़ा खुर्द, वंश पुत्र देवेंद्र निवासी कंकरखाता, अनुज पुत्र मामचंद निवासी अकौढ़ा खुर्द तथा आकाश पुत्र मेनपाल निवासी अकौढ़ा खुर्द के रूप में की है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 80 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। सुधांशु उर्फ काका के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोष्यारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई दबिश के आधार पर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय के समस्त पेश कर जेल भेज दिया गया है।
