कांवड़ मेले के चलते हरिद्वार में 13 दिन शिक्षा संस्थानों पर ताला, घर बैठे होगी पढ़ाई
विनोद धीमान
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए जनपद के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जारी आदेश के अनुसार कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में प्रतिदिन लाखों शिवभक्तों के पहुंचने से राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ तथा व्यापक यातायात डायवर्जन रहेगा। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में संभावित परेशानियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि अवकाश के दौरान ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
जिला प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। प्रशासन के इस फैसले से लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है।