ऐथल में पुलिस की कार्रवाई, 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल-अल्प्राजोलम के साथ युवक गिरफ्तार

विनोद धीमान
हरिद्वार। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस ने ग्राम ऐथल में चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम कैप्सूल व गोलियां बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ग्राम ऐथल में एक मेडिकल स्टोर के आसपास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक की नजर पुलिस टीम पर पड़ी। पुलिस के अनुसार, युवक पुलिस को देखते ही मौके से भागने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम कैप्सूल व गोलियां बरामद हुईं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद दवाओं के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पथरी में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौफीक पुत्र अल्लादिया, निवासी ग्राम ऐथल, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, अपर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल नारायण सिंह और कांस्टेबल मनोज कुमार का विशेष योगदान रहा।